operation लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
operation लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शनिवार, फ़रवरी 07, 2009

कमर से नीचे पैर तक लगभग सात साल से भयंकर दर्द रहता है

सर नमस्ते मेरी पत्नी की उम्र उनन्चास साल है। उसे कमर से नीचे पैर तक लगभग सात साल से भयंकर दर्द रहता है। इतना दर्द रहता है कि दोनो पैर दर्द से टेढ़े से हो गये हैं। बिना किसी का सहारा लिए वह मलमूत्र त्याग तक नहीं कर पाती क्योंकि उठने-बैठने में बहुत दिक्कत है। डाक्टरी जांच कराने पर बताया गया है कि न्य़ुरोलोजिकल प्राब्लम है और आपरेशन कराए बिना समस्या खत्म नहीं होगी। क्या आयुर्वेद में कोई उपचार है? अगर कुछ मदद करें तो बड़ी मेहरबानी होगी।
नारायण दास साहू,अजनी
नारायण दास जी, आपने जो रिपोर्ट्स मुझे भेजी हैं उन्हें मैने उन्हें देखा और इस नतीजे पर पहुंचा हूं कि यह समस्या आयुर्वेद के अनुसार आमवात की भीषण समस्या है लेकिन आपको एकदम सीधी सलाह है कि आपरेशन कराने की जरूरत नहीं है। आप निम्न औषधियां अपनी पत्नी को नियमित रूप से दें-
१ . वातारि वटी एक गोली + आमवातारि रस एक गोली को दिन में तीन बार सुबह-दोपहर-शाम प्रसारिणी आसव के चार चम्मच से निगलवाइये।
२ . महाप्रसारिणी तेल + विषगर्भ तेल मिला कर दिन में तीन बार मालिश करवाइये। रात में इस तेल में कपड़ा भिगो कर पैर पर पट्टी लपेट दीजिये।
३. एक माह बाद वातारि वटी के स्थान पर असगंध चूर्ण एक ग्राम + विषतिंदुक वटी एक गोली + सोंठ आधा ग्राम का मिश्रण बना कर दवा की खुराक तैयार करें और इस खुराक को छह-छह घंटे पर दिन में तीन बार प्रसारिणी आसव से दीजिये। यह उपचार तीन माह तक जारी रखिये और विश्वास रखिये कि उन्हें शत-प्रतिशत आराम आ जाएगा।
बासी भोजन और वातकारक पदार्थ न खाएं पियें।

बुधवार, जनवरी 07, 2009

एक साल से पाइल्स से बहुत परेशान हूं.......

आदरणीय डॉक्टर साहब,
प्रणाम
मैं पिछले एक साल से पाइल्स से बहुत परेशान हूं शुरू में तो समझ में ही नहीं आया लेकिन अब हमेशा कब्जियत रहती है, गुदा में खुजली होती रहती है, मस्से बन गये हैं, कभी कभी लैट्रिन करते समय खून भी आ जाता है। लोग कहते हैं कि आपरेशन के बाद दोबारा हो जाता है। कोई स्थायी इलाज बताइये अंग्रेजी दवाओं में कोई इलाज नहीं है आपरेशन को ही कहते हैं। मुझे आपरेशन से डर भी लगता है।
संजय राउत,अकोला
संजय जी, परेशान न हों लेकिन आपको लोगों ने सही ही बताया है कि आपरेशन के बाद दोबारा बीमारी हो जाती है उसका कारण है कि मूल कारण तो दूर होता नहीं। यही अंतर है एलोपैथी और आयुर्वेद में। आपकी बीमारी को पाइल्स(बवासीर) या मूळव्याध को जड़ से मिटाने का तरीका आपरेशन है ही नहीं इसलिये आप डरिए मत और इन औषधियों को तीन माह तक लगातार लीजिये आराम तो आपको दूसरे दिन से ही महसूस होने लगेगा।
१ . अर्शोघ्नी बटी दो गोली + अर्शकुठार रस एक गोली + प्राणदा बटी एक गोली(यदि रक्त अधिक आये तो इसके साथ बोलबद्ध रस की एक गोली और ले लीजिये)दिन में तीन बार गुनगुने गर्म पानी से लीजिये।
२ . पहली दवा के आधा घंटा बाद अभयारिष्ट दो चम्मच बराबर पानी में मिला कर दिन में तीन बार पिएं।
३ . रात को सोने से पहले सत ईसबगोल तीन चम्मच एक गिलास गुनगुने जल में घोल कर पिएं।
४ . मलद्वार पर गुदा के अंदर तक उंगली से हलके से कासीसादि तेल मल त्याग के बाद लगाइये व गुदा धोने के पानी में एक चम्मच पिसी हुई फिटकरी डाल कर गुदा धोएं।
मूंग,मसूर, मोटे अनाज की रोटियां, मूली, पालक आदि हरे पत्ते वाले साग, लौकी , परवल, पपीता, करेला, कुंदरू, मट्ठा जैसा सुपाच्य आहार लीजिये। मैदा, खोया , डालडा(वनस्पति घी), गुड़, तेलीय पदार्थ, अरबी(घुईंया), मटर, लाल मिर्च, अचार आदि से परहेज करें।